
निकल जाना चाहता हूँ मैं।
किसी नए अनुभव की तलाश में नहीं,
और ना ही कुछ बन जाने के लिए।
बस और बस इस नीरज से कहीं दूर।
नीरज जो हर पल का हिसाब माँगता है,
और ज़िंदगी के आगे
ढाल बनकर खड़ा हो जाता है।
हर आम को चूसकर ये मुझे देता है,
और हर कौर को चबाकर
मेरे मुँह में थूक देता है।
नीरज जिसने मुझे यक़ीन दिला दिया है,
कि बंधन का ज्ञान
मेरी तड़प ही बनेगा,
मुक्ति का हर प्रयास
ज़ंजीर को और जकड़ देगा।
हर उम्मीद को कुचला जाएगा
व्यावहारिकता के तले,
और विद्रोह की हर आँच पर
आदतों का समुद्र उड़ेल दिया जाएगा।
पता है मुझे
कि आसान नहीं होगा इसके बिना जीना,
ऐसा होगा जैसे
हर घूँट में खारा पानी पीना।
पर उस पानी में
अनंतता का स्वाद होगा,
पहली बार अस्तित्व से
मेरा सीधा जुड़ाव होगा।
अपनी ढाल को कटोरा बनाकर,
इस दुनिया से जुड़ जाना चाहता हूँ।
जहाँ कोई पराया ना हो,
अकेलेपन की उस हद तक
चला जाना चाहता हूँ।
अपनी भूख को देखना है मुझे,
हर डर को महसूस करना है।
देखना है इस समाज को
एक कुत्ते की नज़र से,
मूतना है इसकी हर एक दौलत पे।
मिल जाना है
इस समाज में इस तरह,
कि उसके हर ज़ुल्म की छाप मुझ पर हो।
मेरी हर साँस किसी की
दया और भीख हो।
वो निकम्मा बच्चा बनना चाहता हूँ,
जो ख़ुद बेफ़िक्र है,
पर माँ को 24 घंटे
परवाह है उसकी।
अगर ध्यान ना दे मुझ पर,
तो मेरी मौत भी हो भूल उसकी।
मैं घास का वो तिनका
बन जाना चाहता हूँ,
जिस पर दिन भर में
हर जूता पड़ता है।
और रात के अंधेरे में,
परमात्मा ओस बनकर उसमें रोता है।